जांजगीर चांपा जिले में एक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना लटिया फाटक के पास की है। जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने साइकल सवार राम कुमार श्रीवास को पीछे से टक्कर मार दी। घटना उस समय हुई जब राम कुमार अपनी साली के घर से साइकल लेकर अपने गांव खोड लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग साइकल से उछलकर कुछ दूर जा गिरे और साइकल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पिकअप वाहन की लापरवाही पुलिस के मुताबिक, पिकअप वाहन की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। राहगीरों की मदद से गंभीर हालत में घायल राम कुमार को तुरंत सीएचसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हिरासत में चालक अकलतरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिकअप वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


