बिलासपुर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की पहल पर ट्रैफिक पुलिस, एनएचआई, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की संयुक्त टीम का गठन किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने बताया कि, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। फिर भी वाहन चालकों की लापरवाही और नियमों की अवहेलना के कारण दुर्घटनाएं जारी हैं। रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विभिन्न विभागों के जिला प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तय किया गया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग टीमें बनाई जाएंगी। ये टीमें सड़क दुर्घटनाओं की जमीनी स्तर पर जानकारी जुटाएंगी। प्राप्त आंकड़ों की समीक्षा कर दुर्घटनाओं के कारणों का समाधान किया जाएगा। नवगठित संयुक्त टीम को इस पर त्वरित कार्यवाही करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रोड इंजीनियरिंग पर भी गौर करेगी टीम टीम विभिन्न विभागों के अंतर समन्वय के साथ नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और ग्रामीण सड़कों की इंजीनियरिंग की समीक्षा कर दुर्घटनाजन्य स्थानों पर सुधार के उपाय करेगी। वहीं सड़क दुर्घटनाओं के दौरान आहत व्यक्ति को जोखिम से बाहर निकालने के लिए सड़कों के नजदीकी हॉस्पिटलों की सूची बनाई गई है ताकि अविलंब उपचार उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में पुलिस विभाग, नेशनल हाईवे, पीडब्लूडी, एन एच आई, नगर निगम सहित अन्य विभाग के राजपत्रित अधिकारी उपस्थित थे।


