सतना केंद्रीय जेल से गणतंत्र दिवस के अवसर पर सात कैदियों को रिहा किया गया। ये सभी कैदी आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे और हत्या जैसे गंभीर अपराधों में दोषी थे। जेल में उनके अच्छे आचरण के कारण उनकी सजा में माफी दी गई, जिसके बाद उनकी रिहाई सुनिश्चित हुई। रिहा किए गए कैदियों में सतना जिले के तीन और छतरपुर जिले के चार बंदी शामिल हैं। इनमें कृष्ण कुमार पिता सुखीराम सोनी, गिरधारी पिता सद्दू अनुरागी, लाली डोहर पिता दलमल डोहर, नंदी उर्फ रामकिशोर पिता स्वामी दिन खैरवार, रामपाल पिता मंगल सिंह यादव, छोटू उर्फ विक्की पिता लक्ष्मण चौरसिया और लक्ष्मण सिंह पिता चंद्रशेखर सिंह शामिल हैं। जेल अधीक्षक लीना कोष्टा ने इन सभी बंदियों को एक भागवत गीता और एक पौधा भेंट कर जीवन में अच्छे मार्ग पर चलने की नसीहत दी। बंदियों को जेल में उनके द्वारा किए गए कार्यों के लिए पारिश्रमिक भी दिया गया, जो 50 हजार से लेकर 80 हजार रुपए तक था।


