सतना के नजीराबाद, रामपुर बघेलान और नागौद ब्लॉक में शुक्रवार को शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त कार्रवाई की गई। नजीराबाद में साढ़े तीन घंटे तक चली कार्रवाई में अवैध दुकानों को ध्वस्त किया गया, जबकि रामपुर और नागौद में सरकारी जमीनों पर किए गए कब्जे हटाए गए। नजीराबाद मुख्य सड़क मार्ग के किनारे स्थित शासकीय जमीन को एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया के नेतृत्व में नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम ने अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान नगर निगम और सिटी कोतवाली के अधिकारी मौजूद रहे। लगभग 28 सौ वर्ग फीट क्षेत्र में गुड्डू वैला पुत्र मो. इदरीश और मोहम्मद मकसूद पुत्र महरुम गुल्लू खां द्वारा अवैध दुकानों का निर्माण किया गया था, जिन्हें पोकलेन मशीन से ध्वस्त कर जमीन खाली करवाई गई। रामपुर बघेलान में दो एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जा हटाया रामपुर बघेलान के गाड़ा पटवारी हल्का में तहसीलदार सुजीत नागेश ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई कर सरकारी जमीन में कुशवाहा परिवार द्वारा किए गए कब्जे को हटाया। इस जमीन पर कब्जा हटाकर शासकीय संपत्ति को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। नागौद में रास्ते और खेतों से अतिक्रमण हटाया नागौद तहसील के हिलौधा क्षेत्र में खेतों की ओर जाने वाले रास्ते में किए गए अवैध कब्जे को तहसीलदार प्रज्ञा द्विवेदी और नायब तहसीलदार सुदामा कोरी के नेतृत्व में पुलिस की मौजूदगी में हटाया गया। रास्ते पर सुरेश सोनी, संतोषी सोनी और सुरेश सोनी द्वारा कब्जा कर खेती की जा रही थी, जिससे किसानों को आने-जाने में समस्या हो रही थी। कार्यवाही के बाद रास्ता मुक्त कर किसानों की सहूलियत सुनिश्चित की गई।


