सतना में शुक्रवार को रेलवे स्टेशन के पास स्थित सत्यम रेस्टोरेंट और समोसे के कारखाने पर फूड विभाग ने दबिश दी। कार्रवाई के डर से होटल संचालक शटर बंद कर मौके से फरार हो गए। फूड विभाग की तीन सदस्यीय टीम ने सत्यम रेस्टोरेंट से समोसे और मिठाइयों के सैंपल लिए। इसके साथ ही कारखाने में रखे लगभग 200 समोसे नष्ट कराए गए। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सत्यम स्वीट्स में गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार की जा रही है। कारखाने में भी अस्वच्छ परिस्थितियों में समोसे बनाए जा रहे थे। इन समोसों से लोग बीमार पड़ सकते खाद्य अधिकारी अभिषेक बिहारी गौड़ ने बताया कि कारखाने में बनने वाले समोसे ट्रेनों में यात्रियों को बेचे जाते थे। इन समोसों के सेवन से यात्रियों के बीमार पड़ने की आशंका थी। इन शिकायतों के आधार पर फूड विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को सख्त हिदायत दी और नोटिस जारी किया। यदि नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, तो रेस्टोरेंट और कारखाने को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।


