सतना में नवनिर्मित अंतरराज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) में सभी बसों को स्थानांतरित करने के फैसले के विरोध में पुराने बस स्टैंड के व्यापारी एकजुट हो गए हैं। अपनी आजीविका पर संकट बताते हुए इन व्यापारियों को सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा का भी समर्थन मिला है। सोमवार को पुराने बस स्टैंड पर आयोजित व्यापारियों की सभा में विधायक कुशवाहा ने आईएसबीटी के औचित्य पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुगमता को देखते हुए नए बस स्टैंड का स्थल चयन गलत हुआ है। आम आदमी काम से शहर आता है, ऐसे में शहर के बाहर बाईपास से बस पकड़ने में उसे काफी परेशानी हो रही है। बसों के रिंग रोड से होकर आने-जाने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। विधायक ने स्थानीय व्यापारियों की मांगों को भी उचित ठहराया। व्यापारियों का कहना है कि उन्हें बस स्टैंड के नाम पर ही दुकानें आवंटित की गई थीं, जिनके माध्यम से उनका रोजगार चलता है। अब जब यहां से बसों का आवागमन नहीं होगा, तो उनका व्यापार कैसे चलेगा? ऐसे में उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।


