सतना में एनएसयूआई का अनशन पुलिस ने खत्म कराया:प्रशासन ने पहले की बातचीत फिर टेंट उखाड़ा, छात्र नेता बोले-ये तानाशाही

सतना में डिग्री कॉलेज के प्राचार्य को हटाने की मांग को लेकर एनएसयूआई का चार दिवसीय आमरण अनशन गुरुवार देर रात समाप्त हो गया। प्रशासन और पुलिस ने लगभग साढ़े 12 बजे अनशन स्थल से कार्यकर्ताओं को हटा दिया और टेंट उखाड़ दिया। एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया और सीएसपी देवेंद्र प्रताप दिन के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम ने पहले छात्र नेताओं को समझाने का प्रयास किया। जब वे नहीं माने, तो एनएसयूआई के प्रदेश सचिव आनंद पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ताओं को जबरन अनशन स्थल से हटाकर पुलिस वाहन और एंबुलेंस में बैठाया गया। इसके बाद, अनशनरत सभी कार्यकर्ताओं को जिला अस्पताल ले जाकर छोड़ दिया गया। छात्र नेताओं ने देर रात की गई इस कार्रवाई को तानाशाही पूर्ण रवैया बताया है। डिग्री कॉलेज के प्रिंसिपल पर मनमानी का आरोप
यह मामला डिग्री कॉलेज के प्राचार्य एस.सी. राय पर मनमानी और छात्रहित की अनदेखी के आरोपों से जुड़ा है। एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव आनंद पांडेय के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने सोमवार से कॉलेज गेट के सामने आमरण अनशन शुरू किया था। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। विशेष रूप से, बीमार या घायल छात्रों के लिए बना ‘सिक रूम’ केवल कागजों में मौजूद है, जबकि जमीनी हकीकत अलग है। आनंद पांडेय ने इस पर पहले भी विरोध दर्ज कराया था। इसके अतिरिक्त, प्राचार्य से जुड़ी एक ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद भी एनएसयूआई ने कड़ा विरोध प्रदर्शन किया था। संगठन का दावा है कि यह ऑडियो क्लिप प्राचार्य की कार्यशैली और छात्रों के प्रति उनके रवैये पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *