सतना शहर के ओवर ब्रिज पर पुलिस का जेल वाहन बिगड़ने से बुधवार शाम को लंबा जाम लग गया। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई और उसमे फंसे लोग परेशान होते रहे। जानकारी के अनुसार, शहर के दो हिस्सों को आपस मे जोड़ने वाले ओवर ब्रिज पर बुधवार शाम बंदियों को लेकर अदालत से जेल वापस लौट रहा वाहन खराब हो गया। जेल वाहन के पहिए ओवर ब्रिज पर ही थम जाने से कुछ ही मिनटों के अंदर सर्किट हाउस से लेकर सिविल लाइन तक दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इस दौरान दो पहिया-चार पहिया वाहनों के अलावा बस, ट्रक जैसे बड़े वाहन भी जाम में फंस गए। लगभग 1 घंटे तक लोग परेशान होते रहे। बाद में ट्रैफिक पुलिस पहुंची और जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करने लगी। जाम में एम्बुलेंस भी फंसी रही। परेशान होते दिखे लोग, जताई नाराजगी जाम में फंसे लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि शहर की सड़कों पर दिन भर जाम लगा रहता है। सुगम यातायात यहां स्वप्न बन कर रह गया है। कहीं सड़कें खोद कर फेंक दी गई हैं तो कहीं अतिक्रमण ने सड़कों को संकरा कर रखा है। लोगों ने बताया कि शहर के दो हिस्सों को जोड़ने वाला एक मात्र ये ओवर ब्रिज ही है जिस पर ट्रैफिक का लोड भी ज्यादा है। लेकिन, कोई जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहा। शहर नेताओं की उदासीनता और अफसरों की मनमानी की भेंट चढ़ रहा है, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। सड़कों पर फैली धूल और मलबे से सतना में धूल का गुबार छाया रहता है। एयर क्वालिटी इंडेक्स का स्तर भी खतरनाक होता जा रहा है।


