सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में शनिवार देर रात एक किसान के घर में अचानक आग लग गई। हादसे में घर में रखा अनाज, कपड़े और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने के वक्त परिवार घर में ही सो रहा था। आग से किसान को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, किसान सतानंद पटेल के कच्चे मकान में देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगते ही परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कच्चा मकान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग पर काबू पाने से पहले पूरा सामान जला स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक घर में रखा पूरा घरेलू सामान जलकर खाक हो चुका था। पीड़ित के अनुसार अनाज, कपड़े और रोजमर्रा का सारा सामान नष्ट हो गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही उचेहरा थाना पुलिस और पटवारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


