सतना में कोदो की रोटी खाने से सात लोग बीमार:70 वर्षीय बुजुर्ग ICU में, नागौद में भी तीन सदस्य अस्पताल में भर्ती

सतना में कोदो की रोटी खाने से दो अलग-अलग परिवारों के सात सदस्य बीमार हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक बुजुर्ग की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। जानकारी के अनुसार, मझगवां ब्लॉक के म्यान सिंहपुर गांव में धनपत सिंह (70), जयकरण सिंह (30), गीता सिंह और उनकी बहू निर्मला सिंह ने कोदो की रोटी खाई थी। रोटी खाने के लगभग आधे घंटे बाद उन्हें उल्टियां शुरू हो गईं। मरीजों ने बताया कि उन्हें चक्कर आने के साथ ही उल्टियां होने लगीं और आंखों के सामने अंधेरा छा गया। पड़ोसियों ने एम्बुलेंस बुलाकर सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, सभी मरीजों को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। धनपत सिंह की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। परिवार के अन्य सदस्यों का इलाज आइसोलेशन वार्ड में चल रहा है। इसी तरह की एक अन्य घटना नागौद विकासखंड के इटौरा खुर्द गांव में हुई। यहां भी कोदो खाने के बाद एक परिवार के तीन सदस्य बीमार पड़ गए। इनमें राम भैया लोधी (70), रामपति लोधी (65) और एक अन्य महिला शामिल हैं। तीनों को बेहोशी की हालत में नागौद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिलाओं की हालत सामान्य होने के कारण उन्हें सिविल अस्पताल में ही रखा गया है, जबकि राम भैया लोधी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उनका उपचार मेल मेडिकल वार्ड में जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *