सतना में ताला तोड़कर जेवरात व कपड़े ले गए:कोलगवां में पटवारी के सूने घर में चोरी, बेटी ने पहुंचकर देखा तो खुली थी अलमारी

सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित अमृत कॉलोनी में शनिवार रात पटवारी रामशिरोमणि डोहर के सूने घर में चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे आभूषण और कपड़े चुरा लिए। जानकारी के अनुसार, बारी कला पटवारी हल्का में पदस्थ रामशिरोमणि डोहर अपनी पत्नी के साथ अपने पैतृक गांव मोहनिया, तहसील कोटर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर के दोनों गेटों के ताले तोड़े और अंदर दाखिल हो गए। घर को सूना पाकर उन्होंने पूरी तरह से तलाशी ली और अलमारी में रखे कीमती जेवरात व कपड़े लेकर फरार हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों ने घर के ताले टूटे देखे और फोन पर पटवारी को सूचना दी। इसके बाद पटवारी डोहर ने अपनी बेटी को मौके पर तस्दीक के लिए भेजा। बेटी ने घर पहुंचकर देखा कि अलमारी खुली हुई है और उसमें रखे जेवर व कपड़े गायब हैं। तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि चोर घर की गतिविधियों पर पहले से नजर रखे हुए थे। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सुराग जुटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ले रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *