सतना में दिव्यांग युवती की तालाब में डूबने से मौत:शाम को निकाला गया शव, कल चचेरी बहन की शादी

सतना जिले के उचेहरा में एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शादी की तैयारियों के बीच परिवार की एक दिव्यांग युवती की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना शिवरामपुर में मिठाईलाल दहिया के परिवार की है, जहां वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। दिनभर चला रेस्क्यू, शाम को मिला शव मिठाईलाल की 22 वर्षीय दिव्यांग बेटी रविया दाहिया सोमवार सुबह अकेले मड़फा तालाब नहाने गई थी। शादी की व्यस्तता में किसी को उसके जाने का पता भी नहीं चला। जब काफी समय तक वह घर नहीं लौटी, तो परिजन और रिश्तेदार उसकी तलाश में निकले। तालाब के किनारे रविया के कपड़े और चप्पल मिलने के बाद परिवार की आशंकाएं सही निकलीं। उचेहरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पूरे दिन की मशक्कत के बाद शाम को रविया का शव तालाब से बरामद किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुखद पहलू यह है कि रविया की चचेरी बहन की शादी मंगलवार को होनी थी, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। शादी की खुशियों के माहौल में यह हादसा परिवार के लिए गहरे सदमे का कारण बन गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *