सतना के राजेंद्र नगर में मंगलवार रात नशे में धुत एक चौकीदार ने राहगीर पर डंडे से हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से गुस्साए लोगों ने चौकीदार की पिटाई कर दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार रघुराजनगर तहसील कार्यालय में तैनात कोटवार जियालाल दाहिया रात करीब 8 बजे शराब के नशे में घर पहुंचा। वह गली में मौजूद राहगीरों और दुकानदारों से बेवजह गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर एक के सिर पर डंडा मारा इसी दौरान गली नंबर-14 निवासी हेमंत तिवारी (52) ने जियालाल की हरकत का विरोध किया। विरोध करने पर चौकीदार जियालाल ने डंडे से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने चौकीदार को पकड़कर पीटा हमला होते ही मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने जियालाल को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में जियालाल भी घायल हुआ। घटना की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हेमंत तिवारी और जियालाल दोनों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और आगे की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


