सतना जिले के बाबूपुर चौकी अंतर्गत रामस्थान गांव में बाउंड्री निर्माण को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान एक महिला पर लाठी से हमला किया गया, जिसका वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी शुभम के अनुसार, रामस्थान निवासी श्रीराम पाण्डेय अपने घर के सामने पत्थर की बाउंड्री बनवा रहे थे। पड़ोस में रहने वाले प्रमोद पांडेय ने इसका विरोध किया और बाउंड्री में लगे पत्थरों को हटाने लगे। जब श्रीराम पाण्डेय की पत्नी संगीता इस हरकत का विरोध करने मौके पर पहुंचीं, तो आरोपी प्रमोद पांडेय ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने पहले महिला को थप्पड़ मारा और फिर लाठी से हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। हमले का वीडियो वायरल होने के बाद बाबूपुर चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस आरोपी प्रमोद पांडेय को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची, लेकिन वह वहां से पहले ही फरार हो चुका था। चौकी प्रभारी ने बताया कि यह घटना शनिवार को हुई थी, जबकि इसका वीडियो रविवार को सामने आया, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है।


