सतना में युवक ने खुद को गोली मारी:पत्नी से विवाद के बाद कनपटी पर पिस्टल रखकर किया फायर; ससुराल में रह रहा था

सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान नगर नई बस्ती में शनिवार रात एक युवक ने घरेलू विवाद के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। 28 वर्षीय अंकुश विश्वकर्मा ने पत्नी और परिजनों से बहस के बाद कनपटी पर पिस्टल रखकर फायर कर दिया। परिजन उसे निजी वाहन से तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मरचुरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 10 बजे पानी की टंकी के पास हनुमान नगर नई बस्ती में हुई। यहां रहने वाले अंकुश पुत्र रमेश विश्वकर्मा (28) का अपनी पत्नी और परिजनों से किसी बात पर जोरदार विवाद हो गया था। बहस के बाद आवेश में आकर युवक ने अपने पास रखी पिस्टल कनपटी पर लगा ली और फायर कर दिया। गोली सिर में फंस गई और वह लहूलुहान होकर तुरंत जमीन पर गिर पड़ा। महीने भर से ससुराल में रह रहा था घटना के समय घर पर मृतक की पत्नी काजल, बच्चे, भाई, भाभी और मां मौजूद थे। बताया गया है कि युवक की ससुराल भी नई बस्ती में ही है और वह पिछले एक महीने से अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ ससुराल में ही रह रहा था। इस घटना से कुछ देर पहले ही अंकुश पत्नी और बच्चों के साथ अपने घर लौटा था। अंकुश की पन्ना रोड पर पानी के टैंकर की दुकान थी। पहले भी कर चुका था कोशिश, पत्नी ने छीना था कट्टा मृतक की पत्नी काजल ने पुलिस को बताया कि पारिवारिक कलह के कारण अंकुश इससे पहले भी एक बार कट्टे से खुद को गोली मारने का प्रयास कर चुका था। उस समय पत्नी ने सतर्कता दिखाते हुए कट्टा छीनकर अपनी सास को सौंप दिया था। देर रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *