सतना जिले में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। 28 जनवरी को न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा दर्ज किया गया। इस दिन रात का तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 6.7 डिग्री अधिक है। यही वजह रही कि रात में लोगों को ठंड कम महसूस हुई और मौसम हल्का गर्म बना रहा। 28 जनवरी को न्यूनतम तापमान पिछले दिन यानी 27 जनवरी की तुलना में भी 2.8 डिग्री ज्यादा रहा। आमतौर पर इस समय रातें ठंडी होती हैं, लेकिन बादलों की वजह से ठंड का असर कम हो गया। लोगों को अलाव और गर्म कपड़ों की जरूरत भी कम महसूस हुई। 24 घंटे में 5.1 डिग्री गिरा पारा
वहीं दूसरी ओर, दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान करीब 5.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। 28 जनवरी को दिन का अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है। दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने से दिन का मौसम ठंडा बना रहा। अब बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी मध्य प्रदेश में बने विक्षोभ का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। मंगलवार रात विंध्य क्षेत्र के पास से गुजरी द्रोणिका के कारण जिले में हल्की बारिश हुई थी, लेकिन अब बारिश की संभावना लगभग खत्म हो गई है। बादल अभी कुछ समय रह सकते हैं, लेकिन अगले दो दिनों में मौसम साफ होने लगेगा और दिन में धूप निकलने से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। हल्की बारिश से किसानों को फसलों की सिंचाई में कुछ राहत जरूर मिली है।


