सतना में रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटा:दो मंजिला गोदाम ध्वस्त, 21 लाख की जमीन मुक्त

सतना के गंगवारिया गांव में रेलवे की अधिग्रहीत सरकारी जमीन से शनिवार को अतिक्रमण हटाया गया। राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में एक दो मंजिला गोदाम को ध्वस्त कर दिया। यह जमीन ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन के सतना-पन्ना खंड के बीच स्थित है। एसडीएम नागौद जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में तहसीलदार, आरआई और पटवारी मौके पर पहुंचे। टीम के साथ जेसीबी और चैन माउंटेन मशीनें भी थीं। इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा। यह अतिक्रमण गंगवारिया निवासी नीरेंद्र सिंह परिहार पिता भूपेंद्र सिंह परिहार द्वारा आराजी नंबर 934 और 934/1 के कुल 0.517 हेक्टेयर रकबे पर पक्का निर्माण करके किया गया था। इस अवैध कब्जे के कारण रेलवे लाइन का निर्माण कार्य काफी समय से बाधित हो रहा था। एक सप्ताह पहले कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने भी इस आराजी का भौतिक सत्यापन किया था और अवैध निर्माण को हटाने के निर्देश दिए थे। मुक्त कराई जमीन की अनुमानित कीमत 21 लाख रुपए बताई गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *