सतना। स्मार्ट सिटी सतना में प्रदेश का पहला स्लज वाटर मैनेजमेंट प्लांट शुरू हो गया है। स्मार्ट सिटी फंड से 18 करोड़ रुपए की लागत से बने इस प्लांट से रोजाना 30 लाख लीटर वेस्ट वाटर का रीयूज किया जाएगा। प्लांट का ट्रायल भी शुरू हो चुका है। प्लांट दो फेज में काम करेगा। पहले फेज में फिल्टर प्लांट से वेस्ट वाटर टैंक में आएगा, जहां शुद्धिकरण के बाद यह फिल्टर्ड वाटर टैंक में जाएगा। दूसरे फेज में बचा स्लज वाटर वापस प्लांट में आएगा, जहां फिल्टरिंग के बाद शुद्ध पानी अलग किया जाएगा। नगर निगम बचे हुए स्लज का उपयोग खाद के रूप में करेगा। इस खाद का इस्तेमाल शहर के पार्कों में लगे पेड़-पौधों के लिए किया जाएगा। अधिक उत्पादन होने पर व्यावसायिक उपयोग की भी संभावना है। गुजरात की कृष्णा कांस्ट्रक्शन कंपनी को प्लांट के संचालन और रखरखाव की 5 साल की जिम्मेदारी दी गई है। कंपनी जीरो लिक्विड डिस्चार्ज प्लांट पर काम कर रही है। यह तकनीक अभी गुजरात में भी सफलतापूर्वक काम कर रही है।


