सतना में 11 घंटे देरी से पहुंची महाकौशल सुपरफास्ट:ठंड में घना कोहरा; बिहार-रीवा एक्सप्रेस 8, रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस साढ़े 4 घंटे लेट हुई

सतना में हिमालय से आ रही शीतलहर के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। देर रात से छाए घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुरुवार को जिले के चित्रकूट में अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह ‘सीवियर कोल्ड डे’ रहा। घने कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात से घना कोहरा छाना शुरू हो गया था, जिसके कारण सुबह तक विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई। हवा में सुबह की नमी 97 प्रतिशत और शाम को 62 प्रतिशत दर्ज की गई। दोपहर 12 बजे के बाद मौसम साफ होने पर धूप निकली, लेकिन शीतलहर के कारण उसका असर बेअसर रहा। इसी दिन न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। वहीं, अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4.1 डिग्री गिरकर 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम को फिर से शीतलहर चलने से ठंड से राहत नहीं मिली। दिन में भी हेडलाइट जलाकर निकल रहे लोग
वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर चलना पड़ा। लोग गर्म कपड़े, अलाव और हीटर का सहारा लेने को मजबूर हैं। घने कोहरे के कारण गुरुवार को सतना रेलवे जंक्शन से गुजरने वाली दर्जनों नियमित और स्पेशल ट्रेनें विलंब से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महाकौशल सुपरफास्ट एक्सप्रेस 11 घंटे की देरी से पहुंची। अन्य प्रभावित ट्रेनों में हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर एक्सप्रेस साढ़े 10 घंटे, दानापुर-क्रांतिवीर एक्सप्रेस 11 घंटे, आनंद विहार-रीवा एक्सप्रेस 8 घंटे, रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस साढ़े 4 घंटे, गोरखपुर-एलटीटी और भागलपुर-अजमेर एक्सप्रेस 3-3 घंटे, वाराणसी-एकता नगर और राजगिरी-एलटीटी जनता एक्सप्रेस ढाई-ढाई घंटे, तथा लखनऊ-जबलपुर चित्रकूट एक्सप्रेस और पाटलीपुत्र-एलटीटी एक्सप्रेस 2-2 घंटे विलंब से सतना पहुंचीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *