जालंधर| बौरी मेमोरियल एजुकेशनल एंड मेडिकल ट्रस्ट के दिशा और इनिशिएटिव अभियान के अंतर्गत लोहारां स्थित इनोसेंट हार्ट्स स्कूल में हेल्थ एंड वेलनेस क्लब के विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी दिवस के अवसर पर एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया द्वारा डॉ. निधि प्रहार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मुख, दांत, जबड़े और चेहरे के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। सत्र के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दांतों की सही देखभाल, खेल के दौरान चेहरे की चोटों से बचाव, ओरल कैंसर की शुरुआती पहचान तथा नशे के दुष्प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। पावरपॉइंट प्रस्तुति और प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें नियमित डेंटल जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान “स्वस्थ मुस्कान ही स्वस्थ जीवन की पहचान है” का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया। कार्यक्रम के अंत में डायरेक्टर सीएसआर डॉ. पलक गुप्ता बौरी ने विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।


