आज रजिस्ट्रेशन का आखिरी दिन, अब तक 7 हजार ही हुए मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल ने सत्र 2024-25 के लिए बीएससी नर्सिंग और जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) कोर्स संचालित करने वाले कॉलेजों को मान्यता जारी कर दी है। मान्यता केवल उन्हीं कॉलेजों को दी गई है, जिन्हें सीबीआई की दोनों जांचों और हाई कोर्ट की ओर से गठित समिति ने उपयुक्त पाया है। कुल 189 कॉलेजों को मान्यता की गई है। इसमें बीएससी नर्सिंग के 157 कॉलेज हैं। इनमें 16 सरकारी कॉलेज हैं। इनमें करीब 7,864 सीट हैं। इसके अलावा जीएनएम के लिए करीब 144 कॉलेजों को मान्यता जारी की गई है। इनमें 6,816 सीट हैं। दोनों कोर्स में 16,020 सीट हैं।
इनमें प्रवेश के लिए छात्र रविवार तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। सोमवार से छात्र कॉलेजों की च्वॉइस फिलिंग कर सकेंगे। रजिस्ट्रेशन 31 दिसंबर से शुरू हो गए थे। अब तक 7 हजार स्टूडेंट्स रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। सीबीआई की जांच के बाद पहली लिस्ट में 66 अपात्र, 169 पात्र कॉलेज थे। वहीं, 73 में कमियां पाई गई थी। हालांकि, घूसकांड के बाद हाई कोर्ट ने पात्र कॉलेजों की फिर से जांच करने के आदेश दिए थे। नर्सिंग मामले से जुड़े एनएसयूआई के उपाध्यक्ष रवि परमार का कहना है कि सीबीआई की दूसरी जांच में कितने कॉलेज पात्र और कितने अपात्र मिले, इसका सूची सार्वजनिक नहीं की गई। अब ऐसा माना जा रहा है कि जिन्हें मान्यता जारी कर दी गई है, ये सभी पात्र हैं। वहीं, अधिकतर कमी वाले कॉलेजों काे मान्यता जारी नहीं की गई है। इनको लेकर हाई कोर्ट की कमेटी ने कोई निर्णय नहीं लिया है। ऐसे 129 कॉलेज हैं। फीस अभी तय नहीं, इसमें अभी एक सप्ताह लगेगा
इन कॉलेजों की फीस एडमिशन एंड फी रेगुलेटरी कमेटी (एएफआरसी) की ओर से तय की जाती है। एएफआरसी सचिवालय के सेक्रेटरी डॉ. डीए हिंडोलिया का कहना है कि फीस निर्धारण के लिए पूरी तैयारी है। कॉलेजों की अधिकृत जानकारी मिलने पर एक सप्ताह में फीस निर्धारित कर दी जाएगी।


