सत्संग से संस्कारवान बनता है मनुष्य का जीवन

भास्कर न्यूज | जालंधर आर्य समाज शहीद भगत सिंह नगर में साप्ताहिक हवन यज्ञ एवं सत्संग का श्रद्धापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य यजमान महामंत्री हर्ष लखनपाल, प्रवीण लखनपाल और अश्वनी डोगरा रहे, जिन्होंने श्रद्धा भाव से यज्ञ में आहुतियां प्रदान कीं। आचार्य सुरेश शास्त्री ने वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ यज्ञ संपन्न करवाया। यज्ञ के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यजमान परिवारों को शुभ आशीर्वाद प्रदान किया। यज्ञ उपरांत भारती शर्मा और तानिया शर्मा ने प्रभु भक्ति से ओतप्रोत भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया, वहीं रवि पौडवाल ने मधुर भजनों से संगत को निहाल किया। इस अवसर पर सत्संग में प्रवचन करते हुए आचार्य सुरेश शास्त्री ने कहा कि सत्संग से मनुष्य का जीवन धार्मिक और संस्कारवान बनता है। अच्छे कर्म करने की प्रेरणा सत्संग के माध्यम से ही प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि यदि जीवन के लक्ष्य को प्राप्त करना है तो स्वयं को जानना आवश्यक है। जो व्यक्ति आत्म-चिंतन और आत्म-अवलोकन कर अपनी कमियों को पहचानता है और उन्हें दूर करता है, वही उन्नति के शिखर तक पहुंचता है। आचार्य शास्त्री ने कहा कि आज की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि व्यक्ति दूसरों की कमियां खोजने में लगा रहता है, लेकिन अपने भीतर झांकने का प्रयास नहीं करता। उन्होंने सभी से दूसरों की कमियों पर ध्यान देने के बजाय उनके अच्छे गुणों से सीख लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन मंत्री अनिल कोहली ने किया, जबकि प्रधान रंजीत आर्य ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ओमप्रकाश मेहता, चौ. हरी चंद, भूपेंद्र उपाध्याय, वेद कुमार भाटिया, सुनित भाटिया, सुभाष आर्य, इंदु आर्या, हजारी लाल शर्मा, अमित सिंह, ज्योति सिंह, नलिनी उपाध्याय, पूनम मेहता सहित अन्य उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *