राजधानी के सदर अस्पताल में पार्किंग व वेटिंग एरिया के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अब निर्माण कार्य होंगे। अस्पताल परिसर में बिना टेंडर प्रक्रिया पूरा किए बिना ही ब्लड बैंक के सामने आमलोगों के लिए पार्किंग व वेटिंग एरिया का निर्माण कार्य चल रहा था। 31 दिसंबर को टेंडर फाइनल होना था जबकि एक सप्ताह पहले से काम चल रहा था। विभागीय अधिकारियों ने प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही सांठगांठ कर ठेकेदार तय कर लिए थे। बुधवार को दैनिक भास्कर में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद भवन निर्माण विभाग और सदर अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया। रांची के सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी बनाने की बात कही है। सदर अस्पताल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ बिमलेश कुमार के नेतृत्व में चिकित्सकों की जांच कमेटी पूरे मामले की जांच करेगी। सिविल सर्जन ने बताया कि कमेटी यह जांच करेगी कि आखिर बिना प्रक्रिया पूरा किए किसके परमिशन से निर्माण कार्य चल रहा था। उन्होंने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। 31 दिसंबर 2025 क्या कहते हैं कार्यपालक अभियंता सदर अस्पताल परिसर में कौन काम कर रहा है, यह देखने का काम वहां के पदाधिकारियों का है। भवन प्रमंडल ने किसी को काम का करने का कोई निर्देश नहीं दिया है। प्रमंडल की ओर से कोई काम नहीं कराया जा रहा है। – मनीष कुमार, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल-1


