चिडियावासा में पेट्रोल पंप के आगे बीती रात को कार सवार बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर तीन युवाओं से मारपीट की और दो मोटरसाइकिलें और मोबाइल नकदी छीन ले गए। पुलिस के अनुसार वारदात रात करीब 11 बजे हुई। इसे लेकर इसरवाला निवासी देवीलाल पुत्र जोखा निनामा ने रिपोर्ट में बताया कि रात को वह अपने मामा के लड़के केलियापाड़ा निवासी धारजी पुत्र विठला मईड़ा के साथ बांसवाड़ा से घर लौट रहा था। चिड़ियावासा के पास आए ही थे कि गाड़ी में पेट्रोल खत्म हो गया था। तेल डलवाने गए तो पम्प बंद हो चुका था। तब चचेरे भाई शंकर को फोन कर घर से बुलाया। फिर उसकी मोटरसाइकिल से तेल निकालकर अपनी गाड़ी में डालने लगे। इसी बीच, अचानक सफेद कलर की कार पास आई। उससे 6-7 जने उतरे और खुद को पुलिस वाले बताते हुए मारपीट कर दोनों मोटरसाइकिल, 16 सौ रुपए ओर मोबाइल लूट ले गए। इस पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुरवानिया के पास दिनदहाड़े नकदी और मोबाइल लूट जिला उधर, सुरवानिया के पास रविवार दोपहर एक युवक से बाइक सवार तीन बदमाश नकदी मोबाइल लूट ले गए। पीड़ित सज्जनगढ़ क्षेत्र के इटाला निवासी कमलेश पुत्र कालू ने इस संबंध में सदर थाने में रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि दिन में करीब साढ़े 12 बजे वह सामरिया में अपनी बुआ के घर पैसे देने के लिए बाइक से जा रहा था। सुरवानिया के पास तीन मोटरसाइकिलों पर सवार पांच जने आए और रोककर मारपीट की। आरोपी उससे 25 हजार रुपए, मोबाइल व दस्तावेज ले गए। इस पर केस दर्ज किया गया।


