भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिले में धान खरीदी के महापर्व के दौरान अवैध धान खपाने की कोशिश करने वाले कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर के निर्देश पर सन्ना थाना क्षेत्र स्थित धान मंडी में तहसीलदार द्वारा छापामार कार्रवाई करते हुए झारखंड से लाई गई 138 क्विंटल अवैध धान को जप्त किया गया है। जानकारी के अनुसार सन्ना धान मंडी में डूमरकोना निवासी सुखसेवक बड़ी मात्रा में धान बेचने के लिए पहुंचा था। धान की मात्रा और संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए सन्ना के नायब तहसीलदार तोष कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने धान के बोरों का भौतिक सत्यापन कराया और किसान से कड़ाई से पूछताछ की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि 138 क्विंटल धान स्थानीय नहीं है, बल्कि पड़ोसी राज्य झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों से तस्करी कर लाया गया था। इस संबंध में तहसीलदार तोष कुमार सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर सन्ना मंडी में जांच की गई। धान के बोरों से संबंधित कोई वैध रिकॉर्ड नहीं मिला और यह धान झारखंड से लाया जाना पाया गया।


