‘सपनों की उड़ान’ के लिए मांगे आवेदन, 19 सितंबर तक कर सकते हैं अप्लाई

भास्कर न्यूज | जालंधर सीबीएसई ने संबद्ध विद्यालयों के प्रमुखों को पत्र जारी कर एनसीईआरटी द्वारा प्रकाशित ई-पत्रिका सपनों की उड़ान के अक्टूबर 2025 अंक के लिए प्रविष्टियां भेजने के लिए कहा है। बोर्ड की ओर से इसके लिए जारी पत्र में कहा गया है कि अक्टूबर-2025 के अंक का विषय अब स्वदेशी कर दिया गया है। इसके लिए विद्यार्थी प्रस्तावित उप-विषय स्वदेशी के रूप में सांस्कृतिक पहचान, स्वदेशी आंदोलन के अनसुने नायक, महिलाएं और स्वदेशी, स्वदेशी आंदोलन में छात्र-छात्राओं की भूमिका, भारतीय शिल्प और हथकरघा पर गर्व, मेक इन इंडिया, विश्व के लिए निर्मित, लोकल के लिए वोकल, पर्यावरण अनुकूल स्वदेशी, डिजिटल स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत, स्वतंत्रता संग्राम में स्वदेशी की भूमिका पर अपने लेख, कहानी, कविता, निंबध भेज सकते हैं। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं कर्मचारियों भी हिस्सा ले सकते हैं। प्रविष्टियां गूगल फॉर्म लिंक https://forms.gle/P6 WGDQmM4GWs62vF7 के माध्यम से भेजी जा सकती हैं। वहीं इसके लिए आवेदन 19 सितंबर 2025 तक किए जा सकते हैं। बोर्ड ने कहा कि प्रविष्टियां केवल विद्यालय प्रमुख द्वारा cbseshiksha.in ईमेल से ही स्वीकार की जाएंगी। किसी भी प्रकार की नकल की गई सामग्री या एआई द्वारा निर्मित सामग्री स्वीकार्य नहीं होगी। जिन विद्यार्थियों की रचनाएं पहले ही सपनों की उड़ान में प्रकाशित हो चुकी हैं, उन्हें आगामी तीन संस्करणों के लिए चयनित नहीं किया जाएगा। लेखन शैली, भाषा और प्रस्तुति आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण हो। आवश्यक है कि सभी प्रविष्टियों का प्रारूप एवं सीमा का पालन किया जाए। प्रविष्टियां हिंदी, अंग्रेजी या किसी भी भारतीय भाषा में भेजी जा सकती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *