भास्कर संवाददाता । मुरैना संभागीय उड़नदस्ता दल द्वारा रविवार को कैलारस क्षेत्र में स्थित विभिन्न दूध चिलिंग सेंटरों और प्रतिष्ठानों पर औचक कार्रवाई की गई। इस दौरान मिलावटी दूध एवं खाद्य पदार्थों की जांच के लिए नमूने लिए गए तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कदम उठाए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान रिझोनी रोड स्थित श्रीराम डेयरी से दूध का नमूना लिया गया। जांच में डेयरी के पास खाद्य लाइसेंस नहीं पाए जाने पर दूध चिलिंग सेंटर को सील (शील्ड) कर दिया गया। इसी रोड पर स्थित श्री श्याम डेयरी, प्रोपराइटर कन्हैयालाल बैरागी से भी दूध का नमूना लिया गया। मान्या डेयरी, प्रो जयराम सिंह धाकड़ से तथा निरारा रोड स्थित जाबर सिंह डेयरी और श्री दाऊजी डेयरी से सपरेटा दूध के नमूने लिए गए। इसके अलावा कैलारस स्थित रवींद्र ट्रेडर्स से जागृति ब्रांड राइस ब्रान ऑयल, जेडीएम ब्रांड बेसन और खुले बेसन के नमूने जांच के लिए लिए गए। जांच के दौरान पाया गया कि राइस ब्रान ऑयल को सरसों तेल की आड़ में बेचा जा रहा है, क्योंकि ठंड में तेल जम गया था। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे खाद्य तेल और अन्य उत्पाद खरीदते समय लेबल ध्यानपूर्वक पढ़ें, क्योंकि कई बार छोटे अक्षरों में असली नाम लिखा होता है। बिना खाद्य लाइसेंस संचालित चिलिंग सेंटर को सील कर आगे की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तेल मिल में जांच करती टीम।


