अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की ओर से रायपुर के टाटीबंध स्थित महाराणा प्रताप चौक पर शनिवार 29 मार्च को समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रामजीलाल सुमन के विवादित बयान के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सांसद की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर उनका पुतला दहन किया गया। महासभा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर रामजीलाल सुमन के बयान की घोर निंदा की। उन्होंने मांग की कि सांसद अपने बयान पर तत्काल माफी मांगें, अन्यथा उनके खिलाफ विरोध जारी रहेगा। इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके नेताओं के खिलाफ संघर्ष का संकल्प लिया। विरोध प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष अवधेश सिंह गौतम, रामकुमार सिंह, सुनील सिंह, संतोष सिंह, कन्हैया सिंह, अजीत सिंह, विलास सिंह समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।


