भास्कर न्यूज | लुधियाना एसएस जैन सभा नूरवाला रोड के तत्वावधान में जैन स्थानक में श्री पार्श्वनाथ कल्याणक महोत्सव का आयोजन निरंतर जारी है। महासाध्वी जैन भारती सुशील कुमारी जी महाराज ने कथा करते हुए कहा कि जीवन मे सफलता और असफलता दोनों व्यक्ति के खुद के हाथों में हैं। समय सभी को 24 घंटे ही मिलता है। किसी को भी एक सेकंड कम या ज्यादा नहीं मिलता। संसार में जितने भी महापुरुष हुए सब ने अपने समय का सदुपयोग किया। साध्वी रत्न शुभिता महाराज ने मरुभूति की आत्मा के आगामी भावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हाथ मे स्मार्ट घड़ी बांधने से, स्मार्ट मोबाइल लेने से, स्मार्ट टीवी चलाने से व्यक्ति स्मार्ट नहीं बनता। सही चिंतन, सही नजरिया ही आपके घर को स्मार्ट बनाता है। महाराज ने कहा कि अपने विरोधी के लिए भी गलत मत सोचो। जीवन मे चिंतन अपनाओ और उन्हें भूल जाओ जिन्हें तुम माफ नहीं कर सकते। शुभिता महाराज ने कहा कि कर्मों का भारीपन जीवात्मा को नर्कगामी बनाता है और कर्मों का हल्कापन आत्मा का उर्ध्वगमन करता है। इस अवसर पर एसएस जैन सभा के प्रधान अवनीश जैन, वरिष्ठ उप प्रधान अभिनंदन जैन बोथरा, उप प्रधान अरुण जैन, महामंत्री अशोक जैन, कोषाध्यक्ष अरिहंत जैन, नीरज जैन, राकेश जैन, बरजिन्दर जैन, अमित जैन, जिनेन्द्र जैन अवनीश जैन अभिनंदन जैन आदि मौजूद रहे।


