सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध ढंग से पढ़ाई करें: बीईओ

भास्कर न्यूज | बालोद मंगलवार को शासकीय बुनियादी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का विकासखंड शिक्षा अधिकारी मोहिनी यादव ने निरीक्षण किया। बीईओ ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए उनकी परीक्षा तैयारी की जानकारी ली। आत्मविश्वास, संकल्प और लक्ष्यबोध पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता किसी संयोग का परिणाम नहीं होती, बल्कि यह अनुशासन, निरंतर परिश्रम एवं प्रभावी समय-प्रबंधन से प्राप्त होती है। प्रत्येक विद्यार्थी को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध ढंग से अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक विद्यार्थी का उत्तीर्ण होना विद्यालय परिवार का सामूहिक शैक्षणिक संकल्प है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास, धैर्य और सतत अभ्यास को अपनी प्रमुख शक्ति बनाने का आह्वान किया। बीईओ ने शिक्षकों के साथ बैठक की। जहां शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम को लक्ष्य निर्धारित करते हुए कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए विशेष कार्ययोजना, अतिरिक्त मार्गदर्शन एवं नियमित अनुश्रवण करने के निर्देश दिए गए। प्राचार्य ने आश्वस्त किया कि समस्त दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। सभी शिक्षक मिलकर प्रत्येक विद्यार्थी की सफलता सुनिश्चित करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *