भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में चल रही व्यापक सफाई मुहिम के तहत मंगलवार को नगर निगम के सहायक कमिश्नर-कम-जोनल कमिश्नर (जोन बी) नीरज जैन ने विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और फील्ड स्टाफ को सड़कों के किनारों से कचरा और बागवानी के अवशेष तुरंत हटाने के सख्त निर्देश दिए गए। यह अभियान स्थानीय निकाय मंत्री संजीव अरोड़ा की अगुवाई में शहरभर में चलाया जा रहा है। जैन ने बताया कि मेयर इंदरजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता के निर्देशों पर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान जारी है। निरीक्षण के दौरान चीमा चौक, समराला चौक और गलाडा रोड (वर्धमान मिल के नजदीक) सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया गया। इन स्थानों पर सड़कों की सफाई, कूड़ा उठान और संवेदनशील पॉइंट्स (जीवीपी) की स्थिति की समीक्षा की गई। जोनल कमिश्नर ने फील्ड स्टाफ को मुख्य सड़कों, आंतरिक इलाकों और कूड़े के संवेदनशील स्थलों से नियमित रूप से कचरा उठाने के निर्देश दिए। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को स्टैटिक कंपेक्टर साइटों के सुचारू संचालन और कूड़े की नियमित लिफ्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए। जैन ने कहा कि आने वाले दिनों में भी विभिन्न इलाकों का निरीक्षण जारी रहेगा और शहरवासियों से फीडबैक लेकर सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। सड़क के किनारें से कचरा हटाते कर्मी।


