सफाई के बहाने जेवर चुराने वाले गिरोह का खुलासा:बस स्टैंड से चार सदस्य गिरफ्तार, नशीला पदार्थ सुंघा कर महिला को करते थे बेहोश

पलामू के शहर थाना क्षेत्र में सोना-चांदी सफाई के बहाने चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। शहर थाना पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली दो मोटरसाइकिलों पर सवार चारों संदिग्धों को पकड़ा। उन्हें थाने लाकर पूछताछ की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शंभू कुमार साह (43), शशि भूषण (27), सुमित सोनी (27) और टिंकू कुमार सोनी (25) के रूप में हुई है। ये सभी सीतामढ़ी, बिहार के रामनगरा, गम्हरिया के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त को शांतिपुरी रोड नंबर-10 में एक घर में बर्तन साफ करने के बहाने एक महिला का विश्वास जीतकर चार सोने की चेन और चार अंगूठियां चुराई थीं। इसी तरह, 24 सितंबर को हमीदगंज में गहने साफ करने का झांसा देकर एक महिला से सोने की चेन और एक अंगूठी ठगी। 6 मई को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के ओरिया कला गांव में पतंजलि दवा बेचने के नाम पर एक महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उसके गले का सोना, कान के फूल और पायल लेकर फरार हो गए। इन घटनाओं के संबंध में पूर्व में भी मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से बिना नंबर प्लेट वाली दो मोटरसाइकिलें, एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, गहने बनाने वाले 49 डाईस, एक छोटा गैस सिलेंडर, तीन मोबाइल फोन और सोना-चांदी साफ करने के औजारों से भरे चार नीले रंग के बैग बरामद किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *