भास्कर न्यूज| लुधियाना दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने लुधियाना की सब्जी और होजरी मंडियों की रफ्तार को पूरी तरह रोक दिया है। जालंधर बाईपास स्थित सब्जी मंडी अब खाली और सुनसान नजर आ रही है। ग्राहक नहीं हैं और आढ़ती भी बेचारे हो चुके माल को लेकर परेशान हैं। सब्जी व्यापारी बताते हैं कि टमाटर, भिंडी, करेला, शिमला मिर्च जैसे सामान का 25 से 30 प्रतिशत हिस्सा बारिश के चलते रोज़ खराब हो रहा है। सब्जी मंडी के एक आढ़ती ने कहा कि एक ट्रक में करीब 500 क्रेट टमाटर होते हैं, इनमें से रोज़ लगभग 150 क्रेट खराब हो जाते हैं। ग्राहक नहीं हैं और ऊपर से दाम आधा हो गया है। फ्रूट मंडी के प्रधान राजन ने बताया कि पपीता सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। एक ट्रक में 15 टन पपीता आता है, इनमें से रोजाना लगभग 5 टन सड़ रहा है। ग्राहकों की संख्या केवल 25 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने कहा कि नुकसान लाखों का हो चुका है। हालात सिर्फ सब्जी और फलों तक सीमित नहीं हैं। व्यापारियों की प्रशासन से मुख्य मांग यह है कि मंडियों और प्रमुख रास्तों में जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए। ताकि बाजार सामान्य हो सके और व्यापार फिर से शुरू हो। सब्जी मंडियों के आढ़ती और फ्रूट व्यापारी बताते हैं कि बरसात के चलते उनका माल न केवल सड़ रहा है, बल्कि दाम भी गिर गए हैं। जालंधर बाईपास मंडी में टमाटर, भिंडी, करेला और शिमला मिर्च के साथ-साथ पपीता भी नुकसान में है। आढ़तियों का कहना है कि माल तैयार पड़ा है, ग्राहक नहीं आ रहे। सारा नुकसान हमारी जेब से जा रहा है। जिम्मी मग्गू सब्ज़ी मंडी में बरसात के कारण छाया सन्नाटा। राजन कुमार लुधियाना की होजरी और टेक्सटाइल मार्किट भी बारिश से प्रभावित हुई है। हिमाचल, कश्मीर और तिब्बत से आए व्यापारी अब बुकिंग के लिए नहीं आ पा रहे हैं। होजरी कारोबारी जिम्मी मग्गू ने कहा कि आम दिनों में इस समय मार्केट में रौनक रहती है और ग्राहक बड़ी बुकिंग करते हैं। लेकिन बारिश ने सब बिगाड़ दिया। ग्राहक नहीं आ रहे। होजरी कारोबारी डीके अरोड़ा ने बताया कि हिमाचल और कश्मीर से आने वाले व्यापारी रास्तों की खराब स्थिति के कारण नहीं पहुंच पा रहे। हमने उनका ऑर्डर का माल तैयार कर रखा है, लेकिन ग्राहक का नामोनिशान नहीं है। व्यापारी दिनभर दुकान पर ग्राहकों का इंतजार करते हैं, लेकिन शाम तक निराश होकर लौट जाते हैं। उनका कहना है कि अगर यही हाल रहा, तो इस बार का व्यापारिक सीजन पूरी तरह फ्लॉप हो जाएगा। होजरी और टेक्सटाइल मार्केट में भी सन्नाटा है। कपड़े व्यापारी अब तक आने वाले ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन हिमाचल, कश्मीर और तिब्बत से आने वाले व्यापारी रास्तों की खराब स्थिति के कारण नहीं पहुंच पा रहे। मार्केट में इस समय रौनक नहीं है और बुकिंग रुक गई है। व्यापारी प्रशासन से यह भी कह रहे हैं कि यदि जल निकासी और मार्गों की मरम्मत समय पर नहीं हुई, तो इस व्यापारिक सीजन का नुकसान और बढ़ सकता है। उनका कहना है कि बारिश से होने वाला नुकसान करोड़ों में है और इसमें कोई रियायत नहीं मिल रही। लुधियाना के कारोबारी अब आशा करते हैं कि प्रशासन जल्दी ही पानी निकासी की व्यवस्था करेगा और मंडियों में व्यापार सामान्य होगा। ताकि ग्राहक वापस आएं और नुकसान को रोका जा सके।


