समदड़ी में ऑपरेशन वज्रप्रहार के तहत चार गिरफ्तार:तीन अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद

बालोतरा जिले की समदड़ी पुलिस ने ‘ऑपरेशन वज्र प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस फिलहाल आरोपियों से हथियारों की खरीद-फरोख्त और उनके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। समदड़ी थानाधिकारी नरपत दान ने बताया कि पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बा देवलियाली पहाड़ी के पास कुछ संदिग्ध युवक हथियारों के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर रोड किनारे चार युवक आग तापते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही चारों भागने लगे, जिस पर टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपनी पहचान धर्माराम (25) पुत्र वीरमा राम, निवासी देवलियाली, समदड़ी; रावल सिंह (26) पुत्र पदम सिंह, निवासी सेखाला, शेरगढ़ (जोधपुर); सोहनलाल (35) पुत्र पूनाराम, निवासी चिरड़िया, समदड़ी; और कमलेश (23) पुत्र शेराराम, निवासी राखी, समदड़ी के रूप में बताई। तलाशी के दौरान धर्माराम, रावल सिंह और सोहनलाल की पैंट की जेब से एक-एक अवैध पिस्तौल मय खाली मैगजीन बरामद हुई। वहीं, कमलेश की जेब से एक जिंदा कारतूस मिला। अवैध हथियार रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर चारों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई में हैड कॉन्स्टेबल दौलाराम, कॉन्स्टेबल दुर्गाराम, संदीप कुमार और लोकेश कुमार की विशेष भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *