समय पर दफ्तर नहीं पहुंचे केलो परियोजना के ईई:रायगढ़ में PHE, जल संसाधन और PWD ऑफिस में जांच टीम ने किया निरीक्षण, 31 अधिकारी कर्मचारी रहे अनुपस्थित, 1 दिन का काटा जाएगा वेतन

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सरकारी विभागों में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारी समय पर ऑफिस नहीं पहुंचते हैं। जिसकी जांच कलेक्टर द्वारा लगातार पिछले 3 दिनों से करायी जा रही है। ऐसे में आज भी निरीक्षण में केलो परियोजना विभाग के ईई समय पर दफ्तर नहीं पहुंचे थे। इसके अलावा अन्य विभाग के 31 अधिकारी-कर्मचारी भी अनुपस्थित पाए गए हैं। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट में होने वाले राष्ट्रगान में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने समय पर दफ्तर नहीं आने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की जांच के लिए निरीक्षण टीम को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल संसाधन व लोक निर्माण विभाग में जांच के निर्देश दिए। टीम जब केलो परियोजना दफ्तर में पहुंची, तो यहां 17 अधिकारी, कर्मचारी समय पर ऑफिस नहीं पहुंचे थे। केलो परियोजना के कार्यपालन अभियंता मनीष कुमार गुप्ता भी अनुपस्थित मिले। जल संसाधन संभाग के 4 कर्मचारी भी समय पर कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। काटा जाएगा 1 दिन का वेतन
इसके अलावा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में 10 अधिकारी कर्मचारी समय पर ऑफिस नहीं आए थे। कलेक्टर ने इन सभी अधिकारी कर्मचारियों के एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने जिले के सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि ऑफिस समय से शुरू हों। यह जांच की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ये अधिकारी कर्मचारी मिले अनुपस्थित
आकस्मिक निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता केलो परियोजना, सर्वे. संभाग रायगढ़ से फिटर ग्रेड 3 शिवनारायण सिंह, पत्र वाहक यशवंत लोहिया, चौकीदार मुरितराम कश्यप, गुरुवार सिंह, जीप वाहक संतोष निर्मलकर अनुपस्थित मिले। इसके अलावा हेल्पर द्रौपति बाई, पत्र वाहक दुर्गा सिंह चौहान, मान चित्रकार एमडी भारद्वाज, सहायक ग्रेड 2 एसके भारद्वाज, ममता साय, आमीन केवी लहरे, भृत्य लहरू राम गोड़, डाटा एंट्री ऑपरेटर डमरूधर पटेल, रीता महंत, बसंत कुमार दर्शन एवं ज्ञानेंद्र सिंह अनुपस्थित रहे।
ये भी समय पर दफ्तर नहीं पहुंचे
इसी प्रकार जल संसाधन संभाग से सहायक ग्रेड 2 आरके देवांगन, आरएस कंवर, सहायक फिटर धर्मवीर मोवार, अनुविभागीय अधिकारी जल संसाधन रायगढ़ के श्रमिक पदुम यादव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी से प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर भारती राणा भी अनुपस्थित थे। साथ ही दुर्गेश माधव, आकांक्षा वर्मा, डाटा एंट्री ऑपरेटर दीक्षा पटेल, दीपक कुमार पाल, पुष्प लता साहू, सहायक ग्रेड 2 नैवेध पटेल, शांता कुमुद, सहायक ग्रेड 3 नितेश पटवा व चैकीदार चंद्रशेखर यादव भी ऑफिस में नहीं मिले।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *