समस्या . चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल को चालू करने के साथ-साथ अन्य मांगों को लेकर एसयूसीआई ने सिविल सर्जन से की मुलाकात

भास्कर न्यूज | सरायकेला एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) चांडिल अनुमंडल कमेटी द्वारा चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल को तुरंत चालू करने के साथ-साथ अन्य मांगों को लेकर सिविल सर्जन को एक ज्ञापन सौंपा गया। एसयूसीआई कम्युनिस्ट समिति के सदस्य अनंत कुमार महतो, आशुदेव महतो, प्रभात कुमार महतो, युधिष्ठिर प्रमाणिक, धनपति गोप द्वारा सिविल सर्जन से मुलाकात कर 100 बेड वाले चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल को अविलंब चालू करने की मांग रखी गई। 100 बेड वाला अनुमंडलीय अस्पताल चालू करने व कुकड़ू ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांडिल में बेड की व्यवस्था करने की मांग जब तक पूरी नहीं होती है, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांडिल में बेड सहित इलाज के लिए तमाम तरह की जांच जैसे एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी आदि की सुविधा उपलब्ध करानी होगी। कुकुडू ब्लॉक में ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण करने की मांगों को लेकर सिविल सर्जन डॉक्टर अजय कुमार सिन्हा से सकारात्मक बातचीत हुई। सिविल सर्जन ने कहा कि दो हफ्ते के अंदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांडिल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड जैसी तमाम तरह की जांच की व्यवस्था उपलब्ध होगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांडिल में बेड की व्यवस्था के बारे में उन्होंने कहा की भवन नहीं है, भवन उपलब्ध हो जाने से ही बेड की व्यवस्था की जाएगी। सौ बेड वाले अनुमंडल अस्पताल को चालू करने की मांग पर उन्होंने कहा कि जैसे ही भवन हस्तांतरित कर दिया जाता है अनुमंडल अस्पताल चालू हो जाएगा। कुकड़ू में ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की मांग पर उन्होंने कहा कि हम स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा व परिवार कल्याण विभाग झारखंड सरकार के सचिव को कुकड़ू ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत करने और भवन निर्माण के लिए पत्र भेज चुके हैं। जैसे ही स्वीकृति मिल जाएगी भवन बन जाएगा। कुकुडू ब्लॉक में भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चालू कर देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *