समागम:चीफ खालसा दीवान स्कूल में दस्तारबंदी समारोह, विद्यार्थियों ने धारण किया साबत सूरत सिख का रूप

भास्कर न्यूज |अमृतसर चीफ खालसा दीवान के अधीन श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल, गोल्डन एवेन्यू में श्री गुरु नानक साहिब जी के प्रकाश पर्व को समर्पित धार्मिक समागम आयोजित किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण कक्षा 7वीं के विद्यार्थियों को पगड़ी (दस्तार) बांधना था, जिसके बाद उन्होंने साबत सूरत सिख का रूप धारण किया। समागम की शुरुआत पांच प्यारों की अगुवाई में बैंड की मधुर धुन के साथ हुई, जिसमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप वाली फूलों से सजी गाड़ी को पंडाल में लाया गया। स्कूल की जूनियर टीम और सेंट्रल खालसा अनाथालय से भाई सतनाम सिंह ने कथा-कीर्तन से संगत को निहाल किया। विद्यार्थियों ने कविताओं और व्याख्यानों के माध्यम से गुरु नानक साहिब जी के प्रति अपनी भक्ति भावना व्यक्त की। समारोह के दौरान, ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी केवल सिंह ने 7वीं कक्षा के बच्चों को पगड़ी बांधी। प्रांगण में बच्चों की पीली पगड़ियां खालसाई आन-बान का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं। सिंह साहिब ज्ञानी केवल सिंह ने संगत को सिख सिद्धांतों और गुरबाणी को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। चीफ खालसा दीवान के प्रधान डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने संगत को अंधविश्वास से दूर रहने, भाईचारे की भावना पैदा करने और पगड़ी की शान बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। एडिशनल ऑनरेरी सेक्रेटरी जसपाल सिंह ढिल्लों ने संगत का धन्यवाद किया और गुरु साहिब के जीवन व शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। प्रिंसिपल सतबीर कौर ने स्कूल की उपलब्धियों को साझा किया। इस मौके पर डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, संतोख सिंह सेठी, कुलजीत सिंह साहनी, हरविंदपाल सिंह चुघ, इंजी. जसपाल सिंह, स्कूल मेंबर इंचार्ज अजीत सिंह बसरा मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *