भास्कर न्यूज | कोंडागांव जिला देवांगन समाज द्वारा रविवार को समाज की आराध्य देवी माता परमेश्वरी जयंती का आयोजन पूरे श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज भवन में माता परमेश्वरी की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। इसके पश्चात बंधा तालाब चौपाटी मैदान से भव्य कलश यात्रा प्रारंभ हुई। माता के जयकारों के साथ नगर भ्रमण करती शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। शोभायात्रा का समापन महात्मा गांधी वार्ड स्थित आत्मानंद स्कूल मैदान में हुआ, जहां पुनः माता परमेश्वरी की पूजा-अर्चना संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद महेश कश्यप, कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल एवं उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी उपस्थित रहे। समाज के पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। देवांगन समाज के अध्यक्ष सुरेश देवांगन ने समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करते हुए सामाजिक विकास पर बल दिया। उन्होंने युवाओं के लिए परिचय सम्मेलन आयोजित करने, फिजूलखर्ची वाले विवाह से बचते हुए सामूहिक विवाह को समाज स्तर पर अपनाने का आह्वान किया।


