भास्कर न्यूज | लुधियाना समाजसेवा के क्षेत्र में एक अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक कदम उठाते हुए योग परिवार समिति ने यह सुनिश्चित किया कि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे के शैक्षिक भविष्य को बाधित न करे। समिति ने फाजिल्का के एक सरकारी स्कूल के 45 गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए परीक्षा शुल्क के तौर पर चेक भेंट किया। समिति के इस महान सहयोग से इन बच्चों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिला है जो अन्यथा शायद आर्थिक बोझ के कारण इससे वंचित रह जाते। समिति के अध्यक्ष कृष्ण लाल गुप्ता एवं प्रमोद शर्मा की अगुवाई में यह सहयोग प्रदान किया गया। इस पुनीत कार्य के दौरान समिति के अन्य सदस्य हरीश दुआ, सुनीत बंसल, ओमपाल थापर और भूवनेश बावा उपस्थित रहे। योग परिवार समिति का मुख्य उद्देश्य है कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के किसी भी बच्चे की शिक्षा बाधित न हो और प्रत्येक छात्र को समान और सही अवसर प्राप्त हो सके। समिति का मानना है कि शिक्षा ही समाज के उत्थान का सबसे सशक्त माध्यम है।


