समाज में बदलाव लाने की शक्ति रखते हैं युवा: सिंह

भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ शहर के दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र के समक्ष प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ॑इसके बाद विशेष प्रातः सभा का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने भाग लिया। कक्षा 9वीं के छात्र हरनीश सिंह चावला ने स्वामी विवेकानंद के प्रतिमूर्ति स्वरूप में अपना संदेश प्रेषित किया। वाणिज्य विभाग के शिक्षक शिशिर कुमार अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस स्वामी विवेकानंद के विचारों और कार्यों को याद दिलाता है। इस दिन का प्रमुख उद्देश्य है युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित करना। राष्ट्रीय युवा दिवस हमें बताता है कि युवा अपने जीवन में अच्छे बदलाव ला सकते हैं। यह दिन उन्हें प्रेरित करता है कि वेद, समाज और देश के लिए कम करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा का मतलब सिर्फ किताबें पढ़ना नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर बनाना है। 11वीं की छात्रा वैभवी वर्मा ने कहा कि हम चुनौतियों का सामना करते हुए हर समय दृढ़ रहेंगे। असफलता को सफलता में बदलने के लिए एक सीढ़ी के रूप में अपनाएंगे और सपनों को कभी नहीं छोड़ेंगे चाहे रास्ता कितना भी कठिन क्यों ना हो। संस्था की निदेशिका पूनम सिंह ने युवा वर्ग को दिए गए अपने संदेश में कहा कि आज हमारे देश के युवा न केवल अपनी शिक्षा, तकनीकी और संस्कृति में अग्रणी हैं, अपितु समाज में बदलाव लाने की शक्ति भी रखते हैं, लेकिन हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस शक्ति को सही दिशा में प्रयोग करें। प्राचार्य ने विद्यालय के सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए छात्र-छात्राएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *