भास्कर न्यूज | उदयपुर आरआरवीयूएनएल की सीएसआर पहल के तहत आयोजित द्वितीय पीसीबी फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन साल्ही खेल मैदान में हुआ। 11 दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में 16 टीमों के 240 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करना और फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ाना रहा। फाइनल मुकाबला साल्ही और मेन्ड्रा टीम के बीच खेला गया, जिसमें साल्ही टीम ने रोमांचक संघर्ष के बाद 3–2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। निर्णायक गोल बालसाई ने दागा। विजेता साल्ही टीम को ₹61,000 नकद और पीसीबी ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता मेन्ड्रा टीम को ₹41,000 नकद और रनर-अप ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। फाइनल मैच देखने के लिए लगभग 1,000 दर्शक मैदान में मौजूद रहे। घाटबर्रा, परसा, बासेन, शिवनगर, जनार्दनपुर, तारा और फतेहपुर सहित आसपास के गांवों से ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। मैच के बाद ग्राम साल्ही की बालिकाओं ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर समापन समारोह को और आकर्षक बनाया। खिलाड़ियों को ड्रेस और फुटबॉल किट भी वितरित की गई। कार्यक्रम में मुकेश कुमार (चीफ ऑफ क्लस्टर, एईएल, सरगुजा), रैमुनिया करियाम (जिला पंचायत सदस्य), श्रवण वरकड़े (बीडीसी), राम द्विवेदी (क्लस्टर एचआर हेड, एईएल) और अमित तिवारी (साइट हेड, पीसीबी) सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने ग्रामीण युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल के विकास के लिए इस पहल की सराहना की। आयोजन में यह भी बताया गया कि भविष्य में टूर्नामेंट को जिला और राज्य स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। इसके साथ ही, सीएसआर के तहत स्थानीय बच्चों के लिए तीरंदाजी प्रशिक्षण भी शुरू किया है।


