भास्कर न्यूज | पोलमी क्षेत्र के हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राम कामठी में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को विदाई दी गई। समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य हेमलता टंडन ने की। हेमलता टंडन ने विद्यार्थियों को जीवन के आगामी संघर्षों के लिए प्रेरित किया। स्कूल केवल अक्षर ज्ञान का केंद्र नहीं है, बल्कि यह वह स्थान है, जहां भविष्य के नागरिकों का चरित्र निर्माण होता है। अनुशासन व कड़े परिश्रम का मंत्र देते हुए आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। चार वर्ष के लंबे अध्यापन काल के बाद स्कूल छोड़ रहें विद्यार्थियों के चेहरे पर जहां बिछड़ने का गम था, वहीं भविष्य की नई उड़ान का उत्साह भी दिखाई दिया। छात्रों ने अपने विदाई भाषण में स्कूल में बिताए अनुभवों को साझा किया। अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन चार वर्षों में हमें जो ज्ञान और संस्कार मिले हैं, वे हमारे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन और उनके अनुभवों से हमें जो संबल मिला है, वह हमें जीवन की हर चुनौती से लड़ने की शक्ति प्रदान करेगा। इस अवसर पर रामनाथ राजपूत, राजेश शर्मा, मनोज आदित्य, हीरालाल छापरिया, तुलस चंद्राकर मौजूद रहे।


