समावेशी शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों का चांडिल डैम में एक्सपोजर विजिट

भास्कर न्यूज | सरायकेला समावेशी शिक्षा के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना के सौजन्य से सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत जिले के लगभग 90 दिव्यांग बच्चों का शैक्षणिक व अनुभावात्मक विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चांडिल डैम व उसके आसपास के क्षेत्रों का एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रकृति के बीच सीखने का नया अनुभव प्राप्त किया। एक्सपोजर विजिट का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को कक्षा की चहारदीवारी से बाहर निकालकर प्राकृतिक, भौगोलिक व सामाजिक परिवेश से जोड़ना था, ताकि उनके आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता और सीखने की क्षमता में वृद्धि हो सके। भ्रमण के दौरान बच्चों को चांडिल डैम की संरचना, जल संग्रहण प्रणाली, जल प्रबंधन की उपयोगिता तथा आसपास के प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन स्थलों के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी गई। भ्रमण के दौरान रिसोर्स शिक्षक, फिजियोथैरेपिस्ट एवं सहायक कर्मियों द्वारा बच्चों का निरंतर मार्गदर्शन किया गया। बच्चों की सुरक्षा, आवागमन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। समावेशी शिक्षा के जिला प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि इस प्रकार के एक्सपोजर विजिट दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण से बच्चों में आत्मनिर्भरता, सामाजिक व्यवहार और व्यावहारिक ज्ञान का विकास होता है। भविष्य में भी समावेशी शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों के लिए शैक्षणिक भ्रमण, खेलकूद एवं अन्य सहगामी गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, ताकि वे मुख्यधारा की शिक्षा से आत्मविश्वास के साथ जुड़ सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *