भास्कर न्यूज | कवर्धा कबीरधाम जिले के लौह पुरुष सरदार वल्लभ पटेल सहकारी शक्कर कारखाना पंडरिया के किसानों को गन्ना बेचने के बाद अब तक राशि नहीं मिली है। राशि नहीं मिलने के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। किसानों की समस्या को लेकर बुधवार को समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ ने 11 सूत्रीय मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है। संघ के जिला अध्यक्ष सोनी वर्मा ने बताया कि पंडरिया कारखाना में गन्ना बेचने के बाद किसानों का मूल भुगतान 40 करोड़ व रिकवरी 14.85 करोड़ रुपए बकाया है। इस राशि को जारी किए जाने को लेकर कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है। इसके बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस कारखाना में सात हजार से अधिक किसानों ने अपनी उपज को बेचा है। इसी प्रकार संघ ने केंद्र सरकार द्वारा बढ़ाए गए धान समर्थन मूल्य 117 रुपए देने, गन्ना खेती में अधिक खर्च आ रहा जैसे लेबर कॉस्ट, ट्रांसपोर्ट, खाद-बीज, पानी आदि को ध्यान में रखते हुए गन्ना किसान को 100 रुपए प्रोत्साहन राशि देने की मांग किया है। सत्र 2022-23 के धान खरीदी भुगतान की चौथी किस्त की बकाया राशि किसानों के खाता में डाला जाए। गन्ना फसल को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य के लिए 24 घंटा बिजली सप्लाई किया जाए व गन्ना बोनस, रिकवरी राशि एकमुश्त किसानों को दिया जाए। ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान संघ के जिला महामंत्री राजाराम वर्मा, अजय चंद्रवंशी, उमेश वर्मा ने बताया कि जिले के समितियों में वर्तमान समय में खाद-बीज की कमी है। खासकर डीएपी खाद नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में सभी समिति में पर्याप्त मात्रा में खाद की जल्द ही व्यवस्था किया जाए। सिंचाई परियोजना नहर नाली, बांध के निर्माण कार्य में गति तेजी लाई जाए, ताकि आने वाले समय में सिंचाई का सुविधा मिल सके। जिले के दोनों सहकारी शक्कर कारखाना के मेंटेनेंस कार्य में तेजी लाई जाए। जिले में 100 प्रतिशत अर्ली किस्म की गन्ना है, आने वाले समय में 15 अक्टूबर से गन्ना खरीदी कर पेराई शुरू किया जाए। सहकारिता अधिनियम के तहत शेयरधारी गन्ना किसानों का बैठक समय-समय पर होनी चाहिए। पंडरिया के लौह पुरुष सरदार वल्लभ पटेल सहकारी शक्कर कारखाना की निजीकरण को लेकर चर्चा हो रही है। इस पर कारखाना द्वारा शेयरधारी किसानों को स्पष्ट रूप से जानकारी दी जाए।


