भास्कर न्यूज| महासमुंद महासमुंद समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अंतर्गत किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ के कर्मचारी शुक्रवार से अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कर लौट गए है। कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त करने संबंधी पत्र अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू को सौंपा। जिले के सहकारी समिति कर्मचारी और कंप्यूटर ऑपरेटर संघ 3 नवंबर से चार सूत्रीय मांगें को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। 18 दिनो तक चले इस हड़ताल के बाद गुरूवार को हड़ताल समाप्ति की घोषणा कर दी है। अब वे शुक्रवार से धान खरीदी करेंगे। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अंतर्गत किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ व आपरेटर संघ के हड़ताली समिति प्रबंधक, सहायक समिति प्रबंधक, विक्रेता, कम्प्यूटर ऑपरेटर, व अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने गुरूवार को अपनी मांगों को लेकर कर रहे अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त करने संबंधी पत्र जिला प्रशासन को सौंपा। उन्होंंने हड़ताल के दौरान संघ के पदाधिकारियों व कर्मचारियों पर शासन प्रशासन के किए गए एफआईआर, बर्खास्तगी, निलंबन को स्थगित करने की मांग की। अब वे धान उपार्जन केन्द्रों में पूर्व की भांति अपनी सेवाएं देंगे। गुरुवार को शाम करीब 7 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में संघ के जिलाध्यक्ष व पदाधिकारियों ने अपर कलेक्टर रवि साहू, खाद्य अधिकारी अजय यादव, नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा और उप पंजीयक द्वारिका नाथ के समक्ष पत्र सौंपा।


