भास्कर न्यूज| सरायकेला सीनी टाटा ट्रस्ट के सहयोग से विद्यालय प्रबंधन समिति के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन प्रखंड संसाधन केंद्र सरायकेला में किया गया। जिसमें 20 विद्यालयों के दो-दो सदस्यों ने भाग लिया। कार्याशाला में सरायकेला प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सांतोना जेना ने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से विद्यालय के विकास एवं स्कूली बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में विद्यालय प्रबंधन समिति की सहभागिता के प्रति सदस्यों को जागरूक करना है। कार्यक्रम को प्रखंड साधनसेवी गौतम कुमार ने भी संबोधित किया। प्रशिक्षण कार्यशाला का संचालन करते हुए सीनी टाटा ट्रस्ट की ब्लॉक कोऑर्डिनेटर बहालेन बारला ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य समिति के सदस्यों को विद्यालय प्रबंधन, उत्तरदायित्वों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा विद्यालय में उपस्थित समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान हेतु कार्य योजना बनाना था। इस दौरान सदस्यों को बताया गया कि वे विद्यालय जाकर इन योजनाओं को किस प्रकार कार्यान्वित करें। साथ ही, यह भी चर्चा हुई कि विद्यालय के पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए बच्चों को प्रोत्साहित कैसे किया जाए। प्रशिक्षण कार्यशाला की मुख्य विशेषताओं के तौर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की आवश्यकता एवं महत्व पर चर्चा करते हुए समिति के सदस्यों को समझाया गया कि पुस्तकालय बच्चों के सीखने का एक प्रभावी माध्यम है और यह उनकी जिज्ञासा को बढ़ावा देने में सहायक है। विद्यालय की समस्याओं की पहचान कर, उनके समाधान हेतु कार्य योजना तैयार करने का अभ्यास करने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यशाला का संचालन सीनी टाटा ट्रस्ट के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर सीनी टाटा ट्रस्ट से सुजीत कुमार, सरिता कुमारी तथा संबंधित विद्यालयों की प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे। यह कार्यक्रम सहभागिता और समाधान आधारित दृष्टिकोण के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।


