बोकारो | डीपीएस बोकारो में आयोजित सांस्कृतिक सप्ताह ‘धरोहर’ कार्यक्रम में गुरुवार को अंतर-सदन ऑर्केस्ट्रा एवं समूहगान प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। दोनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। ऑर्केस्ट्रा प्रतियोगिता में समसामयिक और सदाबहार बॉलीवुड धुनों की शानदार प्रस्तुति ने पूरे सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा दिया। प्रतिभागियों ने तबला, गिटार, की-बोर्ड, बांसुरी, ड्रम, कोंगो और क्लैप बॉक्स सहित विभिन्न वाद्ययंत्रों पर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। रावी हाउस ने ‘आजा-आजा’, ‘कोई मिल गया’ और ‘बचना ऐ हसीनों’ की धुनों से शुरुआत की। इसके बाद चेनाब, सतलज, जमुना, झेलम और गंगा सदनों के प्रतिभागियों ने बॉलीवुड गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। प्रतियोगिता के निर्णायक अंजलि कुमारी, प्रणति दास एवं मयंक कुमार भक्ता रहे।


