गढ़वा | ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत जेएसएलपीएस की पहल पर शनिवार को पीड़ित परिवार को राहत मिली है। गढ़वा थाने के जुटी गांव निवासी जुलेखा बीबी (सदस्य, तिरंगा समूह) के आकस्मिक निधन के बाद उनके पति इम्तियाज अंसारी को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीयाई) के तहत दो लाख रुपए की बीमित राशि का चेक प्रदान किया गया। करीब दो माह पूर्व जुलेखा बीबी की हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई थी। जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था और आर्थिक स्थिति भी खराब हो गई थी। इसकी सूचना जेएसएलपीएस गढ़वा सदर के बीपीएम शिव कुमार उपाध्याय को मिली। उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत अपनी टीम को सक्रिय किया। फील्ड कर्मियों के साथ मिलकर मृतिका के घर जाकर कागजी प्रक्रिया शुरू की। ताकि परिवार को समय पर सहायता मिल सके। बैंक और जेएसएलपीएस के समन्वय से सफलता मिली। इस संबंध में बीपीएम शिव कुमार उपाध्याय ने बताया कि इस क्लेम को जल्द से जल्द सेटल कराने में झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक टंडवा के शाखा प्रबंधक रंजीत कुमार का बहुमूल्य सहयोग रहा। बैंक और जेएसएलपीएस के बीच बेहतर तालमेल के कारण ही मात्र दो महीने के भीतर पीड़ित परिवार के हाथ में सहायता राशि पहुंच पाई है। चेक वितरण के मौके पर जेएसएलपीएस और बैंक के प्रमोद पांडेय, ब्रजेश दुबे, प्रियंका देवी आदि मौजूद थीं। मौके पर बीपीएम ने सभी ग्रामीणों और स्वयं सहायता समूह की दीदियों से सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और सुरक्षा बीमा योजना से जुड़ने की अपील की है।


