जांजगीर | छात्र प्रियांश पाण्डेय ने कक्षा आठवीं की परीक्षा में 98.75 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि के मौके पर विद्यालय में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें जांजगीर-चांपा के विधायक व्यास कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। समारोह के दौरान विधायक व्यास कश्यप ने प्रियांश को मोमेंटो और अंकसूची देकर सम्मानित किया। विद्यालय के संचालक आलोक अग्रवाल ने कहा कि यह विद्यालय के शिक्षकों और प्रियांश के परिवार के सहयोग का नतीजा है। प्राचार्य सोनाली सिंह ने भी प्रियांश की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाती है। कार्यक्रम का संचालन नीलम सिंह ने किया। सेवानिवृत्त प्रधान पाठक शिवशंकर तिवारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक भी इस समारोह में उपस्थित थे।