सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण करने पहुंचे अतिरिक्त जिला कलेक्टर:सिणधरी उपखंड अधिकारी भी रहे मौजूद, बोले- जनहित में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

अतिरिक्त जिला कलेक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने सिणधरी तहसील क्षेत्र के विभिन्न विभागों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के समयबद्ध समाधान और योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। सिणधरी उपखंड अधिकारी भी रहे मौजूद निरीक्षण में पंचायत समिति कार्यालय, नगर पालिका, तहसील कार्यालय, उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र/अस्पताल, आंगनबाड़ी केंद्र, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, जलदाय विभाग और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय शामिल थे। सिणधरी उपखंड अधिकारी सर्वेश्वर निम्बार्क भी उनके साथ मौजूद रहे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने प्रत्येक विभाग में संचालित योजनाओं, आमजन को दी जा रही सेवाओं, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और कार्मिकों की उपस्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की पंचायत समिति और नगर पालिका कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेख संधारण, विकास कार्यों की प्रगति और शिकायत निवारण की स्थिति का जायजा लिया गया। तहसील और एसडीएम कार्यालयों में राजस्व प्रकरणों के निस्तारण, लंबित मामलों और आमजन को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा करते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही सेवाओं का जायजा लिया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण आहार, बच्चों की उपस्थिति और समग्र व्यवस्थाओं की जांच की गई। शिक्षा विभाग और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों, छात्राओं की उपस्थिति, आवासीय सुविधाओं और स्वच्छता की स्थिति का निरीक्षण किया गया। विद्युत और जलदाय विभाग का भी जायजा लिया विद्युत और जलदाय विभाग के निरीक्षण में आपूर्ति व्यवस्था, शिकायतों के निस्तारण और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *